ब्लॉकवार व नगर निकायवार लक्ष्य तय
पात्र लाभार्थियों के सत्यापन और त्वरित क्रियान्वयन पर सख्त जोर
टेंडर प्रक्रिया तत्काल शुरू कर भव्य व सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश
देवनन्दन श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी, 04 मई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को प्रभावी और समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डीएम अंजनी कुमार सिंह ने की। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जनपद को प्राप्त 1433 जोड़ों के विवाह लक्ष्य को जनसंख्या आधारित फार्मूले के तहत ब्लॉकवार एवं नगर निकायवार विभाजित कर जिम्मेदारियां तय कर दी गईं। डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर देरी की गुंजाइश न रहे।
डीएम ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है, जिसका लाभ हर पात्र परिवार तक समय से पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन की तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में सभी एसडीएम, बीडीओ और ईओ वर्चुअल शामिल हुए।
*ब्लॉकवार लक्ष्य तय*
बैठक में ब्लॉकों को जनसंख्या के आधार पर लक्ष्य सौंपे गए। बांकेगंज 78, बेहजम 72, बिजुआ 78, धौरहरा 58, ईसानगर 81, कुम्भी गोला 87, लखीमपुर 113, मितौली 89, मोहम्मदी 82, नकहा 71, निघासन 105, पलिया 81, पसगवां 98, फूलबेहड़ 85 और रमियाबेहड़ 88।
*नगर निकायों को भी लक्ष्य आवंटित*
नगर पालिका परिषद लखीमपुर 54, गोला 21, मोहम्मदी 17, पलिया 15। वहीं नगर पंचायतों में खीरीटाउन 12, ओयल 5, सिंगाही 7, मैलानी 5, बरबर 5, धौरहरा 10, निघासन 9 और भीरा 7 जोड़ों का लक्ष्य तय किया गया।
*टेंडर प्रक्रिया में लाएं तेजी, आयोजन हो भव्य और सुव्यवस्थित : डीएम*
इसके बाद मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विवाह कार्यक्रम समिति की महत्वपूर्ण बैठक डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि 1433 जोड़ों के लक्ष्य के अनुरूप सभी अनुमन्य सामग्री एवं विवाह आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया बिना किसी देरी के तत्काल शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि तैयारियों में गति के साथ गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि समय पर भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में पीडी एसएन चौरसिया, वरिष्ठ कोषाधिकारी अमित कुमार राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह, उपायुक्त उद्योग, डायट प्राचार्य, डीएसओ अन्य नामित अधिकारी मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें