अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुआ राष्ट्रीय पक्षी मोर

अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुआ राष्ट्रीय पक्षी मोर



 देवनन्दन श्रीवास्तव

लखीमपुर खीरी। सड़क पार कर रहा राष्ट्रीय पक्षी मोर शनिवार की शाम सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा मोर के घायल होने की सूचना जब वन विभाग के अधिकारियों तक पहुंची तो वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उसने मोर का प्राथमिक उपचार किया।
जानकारी के अनुसार सिंगाही थाना क्षेत्र के अंतर्गत निघासन पलिया मार्ग पर स्थित मोतीपुर जौराहा नाले के पास किसी अज्ञात वाहन ने शनिवार की शाम करीब 5 बजे राष्ट्रीय पक्षी मोर को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क के किनारे तड़पने लगा। स्थानीय लोगों ने जब मोर को तड़पता देखा तो इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी। मौके पर वन विभाग से सुरेंद्र कुमार व वनकर्मी सत्येंद्र कुमार पहुंचे। जिन्होंने पहले तो मोर का प्राथमिक उपचार किया, बाद में उसे लेकर रेंज ऑफिस बेलरायां चले गए। सुरेंद्र कुमार ने बताया उन्हें जब मोर के घायल होने की सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे। फिलहाल मोर खतरे से बाहर है। मोर को डॉक्टरों के पास ले जाकर उसका पूरा इलाज कराया जाएगा। जिसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

टिप्पणियाँ