जमीन के विवाद में अधेड़ को मारी गोली, चार लाेगाें पर केस दर्ज


देव श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी। जमीन के विवाद के चलते दबंगों ने 50 वर्षीय व्यक्ति के घर धावा बोलकर पहले धारदार हथियार से घायल कर दिया। फिर जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को ईसानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना ईसानगर क्षेत्र के लौकाही मल्लापुर निवासी मुन्ने पुत्र मजीद (50) का अपने ही गांव के जाबिर से काफी दिनों से जमीन का विवाद चल रहा था। जिसको लेकर कई बार मारपीट लड़ाई-झगड़ा भी हो चुका था। इन लड़ाई-झगड़ों के बीच जाबिर द्वारा मुन्ने को जान से मारने की धमकी भी दी जा चुकी थी। बीती रात जाबिर ने अपने साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर लगभग 12 बजे मुन्ने के घर धावा बोलते हुए घर के बाहर सो रहे मुन्ने को गालियां देते हुए पहले तो धारदार हथियार से हमला करके घायल किया। फिर उसके गोली मार दी। गोली मुन्ने के बाएं हाथ में लगी। वहीं दाहिना हाथ धारदार हथियार के वार से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर घर के सभी सदस्य जागकर शोर मचाने लगे व घर में मौजूद बच्चों ने पुलिस को सूचना दी। शोर सुनकर जैसे ही पड़ोस के लोग व पुलिस मुन्ने के घर पर पहुंच पाती उससे पहले ही हमलावर भाग निकले। पुलिस ने मुन्ने को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ईसानगर में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज जारी है। सुबह होते ही घायल मुन्ने के चचेरे भाई ने गांव के ही झुर्रा पुत्र साबित, जाबिर पुत्र छोटकन्नू, शमी पुत्र जाबिर व शमसुद्दीन पुत्र इश्हाक के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए चारों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर आलोकमणि त्रिपाठी ने बताया कि घायल के चचेरे भाई जाकिर की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ