बैंक मित्रों से लूट करने वाले तीन लुटेरे गिरफ्तार
देव श्रीवास्तवलखीमपुर-खीरी। 31 अक्टूबर को फरधान क्षेत्र में हुई दो बैंक मित्रों के साथ लूट का रविवार की दोपहर किया। खुलासा करते हुए एसपी खीरी ने बताया कि पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीन साथ भागने में सफल रहे। लुटेरों के पास से लूट का एक लाख 10 हजार रुपए भी बरामद हुआ है। पुलिस ने तीनों को जेल भेजकर फरार साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक राम लाल वर्मा ने बताया कि 31 अक्टूबर को बैंक मित्र रमेश कुमार पुत्र राम कुमार निवासी कोरारा थाना फरधान जिला खीरी व पंकज कुमार वर्मा पुत्र रमनरेश वर्मा निवासी मुडिय़ामिश्र थाना गोला जिला खीरी बम्हनपुर से संबंधित शाखा इलाहाबाद बैंक शाखा सुुंदरवल शाखा से मिनी बैंक हेतु एक लाख 8 हजार व एक लाख 23 हजार रुपए निकाल कर मोटर साइकिल से जा रहे थे। थाना फरधान क्षेत्र के ग्राम मिठनाबोझी पड़रिया फार्म के करीब पीछे सुंदरवल की तरफ से असलहों से लैश होकर आये अज्ञात बदमाशों द्वारा दोनों से मारपीट कर इनके पास मौजूद दो लाख 31 हजार की नकदी व बैगों में रखे अन्य कागजात लूट लिए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए एसपी, एएसपी, सीओ के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक फरधान व स्वाट टीम को लगाया गया। 4 नवंबर को को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एसएचओ फरधान एसएन यादव व स्वाट टीम प्रभारी शिव कुमार यादव की टीम द्वारा सुबह 6:30 बजे पुलिस मुठभेड़ से सेमरी पुल के पास उल्ल नदी के किनारे तीन लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों की पहचान विशाल कुमार वर्मा पुत्र परमात्माशरण वर्मा निवासी सराय सैदापुर थाना फरधान, सद्दाम पुत्र महमूद निवासी राजापुर थाना फूलबेहड़ जिला खीरी, विकास कुमार उर्फ गोलू पुत्र जगजीवन पांडे निवासी ग्राम सुथरी थाना फूलबेहड़ को दो तमंचों, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस व दो अदद मोटर साइकिल सहित बैंक मित्रों से लूट के एक लाख दस हजार रुपए नकद के साथ गिरफ्तार किया। वहीं तीन लुटेरे पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। जिनके नाम धर्मेंद्र पुत्र रामशरण निवासी लौकिहा थाना फूलबेहड़ जनपद खीरी, छन्नू पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम कलिया पिपरझला थाना मितौली व दुगन्ना पुत्र अज्ञात निवासी देवकली घोसियाना भागने में सफल रहे। पकड़े गए अभियुक्त शातिर लुटेरे हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें