विधायक के हाथों जरूरतमंदों को मिले कम्बल तो खिल उठे चेहरे
सोनू साहनी
पलिया कलां। तराई में पड़ रही भीषण ठंड के मद्देनजर बुधवार को तहसील प्रशासन द्वारा कम्बल वितरण शुरू कर दिया गया है। लेखपालों और प्रधानों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में कम्बल वितरण पहले ही किया जाने लगा था, जबकि मंगलवार को तहसील सभागार में विधायक रोमी साहनी के हाथों जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। शेष को लेखपालों के माध्यम से कंबल दिए जाएंगे, जिसकी रणनीति बना ली गई है। कम्बल वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहितकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि उनकी सरकार गरीबों की हितैषी सरकार है। गरीबों को ध्यान में रखते हुए ही योजनाएं शुरू की गईं, जिसका लाभ प्रत्येक पात्र को दिलाने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। इसके बाद यहां पहुंचे करीब 125 लोगों को विधायक ने अपने हाथों से कम्बल वितरित किए। कार्यक्रम में एसडीएम एस सुधाकरन, तहसीलदार अनिल कुमार यादव, लेखपाल सर्वेश वर्मा, आरके चंद्रिका प्रसाद, रिंटू शर्मा, गोलू मिश्रा, डिम्पल शर्मा, कुंता अग्रवाल आदि मौजूद रहे। तहसीलदार ने बताया कि प्रथम चरण में डिमांड के सापेक्ष कुल 800 कम्बल प्राप्त हुए हैं, जिनका वितरण प्रधानों व लेखपालों के माध्यम से करवाना शुरू कर दिया गया था। जो लोग कम्बल पाने से रह जाएं वे तहसील पहुंचकर अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। उपलब्धता के आधार पर उनहें कम्बल दिए जाएंगे।
खाकी ने चलाया अवैध शराब के खिलाफ अभियान
पलिया कलां। एसपी के निर्देश पर पुलिस क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस द्वारा आबकारी विभाग के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में कुटीर उद्योग बन चुके अवैध शराब के धंधे के खिलाफ अभियान चलाया गया। छापेमारी में कई जगहों से अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब बनाने की भट्ठियां भी नष्ट की जबकि शराब बनाकर रहे लोग पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस व आबकारी की टीम ने घोला फार्म, पटिहन आदि में अवैध शराब बनाने की सूचना पर छापा मारा। इन जगहों से जंगल में बनाई जा रही अवैध शराब पुलिस ने बरामद की। पुलिस को देखकर जंगल का फायदा उठाकर शराब बनाने वाले तो फ रार हो गए। लेकिन पुलिस ने यहां से सौ लीटर अवैध शराब बरामद की है। साथ ही भारी मात्रा में लहन नष्ट किया। सीओ प्रदीप यादव ने बताया कि दबिश के दौरान अभियुक्त तो फरार हो गए लेकिन यह अभियान अब अन्य गांवों में चलाया जाएगा जहां अवैध शराब का धंधा जोरों से चल रहा है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें