अपने हाथों के हुनर का करें सम्मान: रेखा अरूण वर्मा
लखीमपुर-खीरी। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र के तत्वावधान में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न परंपरागत व्यवसायों से जुडे़ कारीगरों को टूल किट प्रदान किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि धौरहरा सांसद रेखा अरूण वर्मा और विधायक सदर योगेश वर्मा ने संयुक्त रूप से जनपद के राजमिस्त्री, नाई और दर्जी के 25-25 कारीगरों तथा कुम्हारी कला के पांच कारीगरों को टूलकिट प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत पत्र भी प्रदान किए गए।
अपने सम्बोधन में सांसद रेखा अरूण वर्मा ने कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास के विचार धारा के अन्तर्गत बिना किसी भेदभाव के हुनर का सम्मान कर रही है। यह कार्यक्रम सरकार के इसी दृष्टिकोण का आइना है। उन्होंने उपस्थित कारीगरों को सम्बोधित करते हुए कहा कि यदि आप अपने हुनर का प्रयोग करके आत्मनिर्भर बनते है तो केवल अपने तक सीमित न रहे, बल्कि अपने आस पड़ोस में रहने वाले परंपरागत पेशों में कार्यरत लोगों भी इस योजना से लाभान्वित होने हेतु प्रोत्साहित करे। विशिष्ट अतिथि विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही टूलकिट केवल एक व्यक्ति को नहीं लाभांवित कर रही है, बल्कि इसके माध्यम से पूरा परिवार एवं समाज लाभांवित हो रहा है। उन्होंने लाभांवित कारीगरों से अनुरोध किया कि अपने हुनर को अपने तक ही सीमित न रखे, बल्कि अपने आस पास के लोगों को भी इससे जोड़ें। इससे पूर्व मुख्य विकास अधिकारी रवि रंजन ने सम्पूर्ण योजना को समाज के आर्थिक विकास को उत्तरोत्तर उन्नयन प्रदान करने वाली बताया और कहा कि यह योजना आपके लिए है आप इसका लाभ उठाए। यदि आप प्रगति करते है तो पूरा जिला प्रगति करेगा। जहां कही भी किसी प्रकार की कठिनाई प्रतीत हो वहां तुरन्त आप सम्बन्धित विभाग और उनसे सम्पर्क कर सकते है। परियोजना निदेशक रामकृपाल चैधरी और उपायुक्त उद्योग मनोज चैरसिया ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए जनपद में अब तक हुए प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक निदेशक सूचना रत्नेश त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त शकील अहमद, मो. शकील, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लाभार्थी, प्रशिक्षण प्रदान करने वाली सह संस्था लवली वेलफेयर सोसाइटी खीरी टाउन की ट्रेनर तथा सेकेट्ररी नसरीन फातिमा और लक्ष्मी देवी मौजूद रही।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें