ट्रक की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत
देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे की है।
फरधान थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी रामजीत मिश्रा का पुत्र स्वतंत्र कुमार मिश्रा (25), फरधान कस्बा निवासी सुरेश कुमार वर्मा का पुत्र शुभम वर्मा (22) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर लखीमपुर गए थे। सामान लेकर फरधान वापस आते समय जैसे ही यह लोग फरधान थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीलीभीत-बस्ती नेशनल हाईवे पर स्थित लालपुर गांव के सामने पहुंचे कि पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे घुस गई और दोनों युवक ट्रक के पहिए के नीचे अस गए। शुभम की कमर पर ट्रक का पहिया चढ़ने से वह दो भागों में बट गया, जबकि स्वतंत्र कुमार के पेट पर पहिया चढ़ने से उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।स्वतंत्र मिश्रा की पेस्टिसाइड की दुकान फरधान चौराहे पर है। जबकि शुभम की जनरल स्टोर की दुकान फरधान में ही बाजार के पास है। जिस पर उसके चाचा बैठते हैं। बताया जाता है कि यह दोनों लोग टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल से अपनी अपनी दुकानों का सामान लेने के लिए लखीमपुर गए थे। सामान लेने के बाद अपने घर वापस आ रहे थे। जिस ट्रक से टक्कर हुई है वह लखीमपुर की ओर से सीमेंट लेकर गोला की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक चालक और हेल्पर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। चालक ने अपना नाम राम शंकर निवासी गौसपुर जनपद अंबेडकरनगर बताया है।
थानाध्यक्ष श्याम नारायण सिंह ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें