लूट की खबर ने पुलिस को छकाया, निकला आपसी विवाद
देव श्रीवास्तव
गोला गोकर्णनाथ-खीरी। नगर के अशोक चैराहे पर उच्चकों द्वारा कार चालक से मारपीट कर 55 सौ रुपए लूट की खबर ने पुलिस को खूब छकाया। पुलिस की जांच में मामला आपसी विवाद का निकला और पुलिस ने दोनों पक्षों को शांतिभंग की आशंका में चालान भेज दिया।
शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे अशोक चैराहे पर एक कार को बाइक पर सवार दो लोगो ने ओवरटेक कर रोक लिया और कार चालक से मारपीट करते हुए पर्स व कार की चाभी लेकर भाग निकले। अलसुबह हुई लूट की वारदात से पुलिस में हडकम्प मच गया और हरकत में आई पुलिस ने बाइक सवारों का तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्त के बाद बाइक सवार दोनो युवक पुलिस के हत्थे चढ गये। जिनके कब्जे से पुलिस ने कार की चाभी बरामद कर ली। पुलिस की पूछताछ में घटना लूट की न होकर आपसी विवाद निकला। एसआई योगेश शंखधार ने बताया कि भीरा थाना क्षेत्र के नौसर गुलरिया निवासी सन्दीप मिश्रा कार से मोहम्मदी रोड पर जा रहा था। इसी दौरान सन्दीप मिश्रा ने बाइक में हल्की टक्कर मारकर भागने लगा। बाइक पर सवार मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी आशीष गुप्ता व कुम्हारन टोला निवासी अभिषेक गुप्ता ने कार का पीछा कर अशोक चैराहे पर रोक लिया और दोनों पक्षों में हाथापाई हुई। इसके बाद युवक कार की चाभी निकालकर भाग निकले। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांतिभंग की आशंका में चालान भेज दिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें