पत्रकारिता कोई पेशा नहीं समाज सेवा का जरिया- सुभाष सिंह

पत्रकारिता कोई पेशा नहीं समाज सेवा का जरिया- सुभाष सिंह


देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। आद्य पत्रकार देव ऋषि नारद जयंती समारोह का आयोजन शनिवार को जिला सहकारी बैंक के सभागार में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सूचना आयुक्त सुभाष सिंह और विशिष्ट अतिथि हिन्दुस्थान समाचार राज्य ब्यूरो उत्तर प्रदेश राजेश त्रिपाठी ने शिरकत की। इस दौरान कई पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।

अपने संबोधन में विशिष्ट अतिथि राजेश त्रिपाठी ने  देवर्षि नारद के आदर्शों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें ब्रम्हांड का पहला पत्रकार कहा जाता है। देवर्षि नारद एक साहित्यकार थे। उन्होंने देवताओं, राक्षसों और मानव जाति के बीच समाचारों का आदान प्रदान किया न सिर्फ समस्याओं से एक दूसरे को अवगत कराया बल्कि उसका निराकरण भी बताया। 

देश का पहला अखबार उदन्त मार्तण्ड भी नारद जयंती पर शुरू हुआ

उन्होंने कहा कि देश का पहला अखबार उदन्त मार्तण्ड भी नारद जयंती पर ही शुरू किया गया था। जिसके पहले पन्ने पर देवर्षि नारद की फोटो छापी गई थी। पत्रकारिता और पत्रकारों के लिए देवर्षि नारद एक आदर्श हैं। उन्होंने नारद जयंती को विश्व पटल पर पत्रकारिता दिवस के रूप में मनाए जाने की बात भी कही, कहा कि ऐसा करने से भारत का नाम विश्व पटल पर जाना जाएगा और यह पता चलेगा भारत से ही पत्रकारिता की शुरुआत हुई है। 



पत्रकार अपने काम को पूर्ण ईमानदारी से करता है तो देश में बड़े बदलाव हो सकते हैं

इस दौरान मुख्य अतिथि सुभाष सिंह में अपने संबोधन में नए पत्रकारिता दौर पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज हमारा दायित्व औरों से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है। पत्रकार समाज का आईना होते हैं। पत्रकारिता कोई पेशा नहीं है। यह समाज सेवा है, हमें खबर लिखते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि इसका देश और समाज पर कैसा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हर पेशे में आज गिरावट आई है, लेकिन पत्रकारिता कोई पेशा नहीं है, अगर पत्रकार अपने काम को पूर्ण ईमानदारी से करता है तो देश में बड़े बदलाव हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज अखबारों में नकारात्मक खबरें ज्यादा छापी जाती हैं और सकारात्मक खबरें अखबार में देखने को नहीं मिल रही हैं जो समाज और देश के विकास में सहायक हो सके। कहा कि देश में आज बहुत कुछ अच्छा हो रहा है परंतु उन्हें अखबारों में जगह नहीं दी जाती, परंतु सच्ची पत्रकारिता वही है। हम सकारात्मक खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित करें और उनके संकलन में अपना पूर्ण योगदान दें। इस दौरान एसोसिएट एडिटर वॉइस ऑफ लखनऊ सियाराम पांडे, नगर पालिका परिषद अधिशासी अधिकारी अखिलेश त्रिपाठी ने भी अपने विचार रखे।


कार्यक्रम के संयोजक गंगा प्रसाद पांडे ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार नंद कुमार मिश्रा, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार नवीन अवस्थी, राजेंद्र सिंह और महिला पत्रकार रामेश्वरी दीक्षित को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर  इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया के सभी पत्रकार गण मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ