डेढ़ लाख रुपए के चोरी के आभूषण के साथ दो बदमाश गिरफ्तार, 260 पेटी अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार

डेढ़ लाख रुपए के चोरी के आभूषण के साथ दो बदमाश गिरफ्तार


देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। धौराहरा कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने चोरी के डेढ़ लाख रुपए के आभूषण सहित दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी सोमवार की दोपहर प्रेस वार्ता कर अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल ने दी।
उन्होंने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि दो शातिर किस्म के अपराधी चोरी के माल को बेचने की फिराक में हैं। इस सूचना पर धौराहरा कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त रूप से बोझिया तिराहे से शेखन पुरवा जाने वाले मार्ग के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान रामनाथ उर्फ नत्था पुत्र परसादी निवासी ग्राम गोरिया व रामजी पासी पुत्र सुखराम निवासी गौरा झबरा थाना ईसानगर के रूप में हुई। दोनों पर जिले के विभिन्न थानों में 2 दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।


इनके पास से 6 जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी का सिक्का, एक सोने का झुमका, एक सोने की अंगूठी, 12 चांदी के बिछुआ, दो चांदी की अंगूठी, 1 जोड़ी चांदी का झाला, चार चांदी के कड़े, एक मोटरसाइकिल, 40 लीटर मेंथाआयल व 1120 रुपए नगद बरामद हुए हैं। जिनकी अनुमानित लागत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। इनके पास से एक देशी तमंचा 315 बोर व एक अदद जिंदा कारतूस भी बरामद हुई है। दोनों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जेल रवाना कर दिया गया है।

260 पेटी अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार


लखीमपुर-खीरी। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी शैलेन्द्र लाल ने बताया कि अवैध शराब के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत फरधान थाना पुलिस ने ग्राम फत्तेहपुर से मुखबिर की सूचना पर 260 पेटी अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान एक व्यक्ति मनोज सिंह पुत्र हरद्वारी सिंह निवासी ग्राम फत्तेहपुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से हरियाणा निर्मित शराब के साथ 361 नकली रैपर, 4734 ढक्कन, एक अल्टो कार यूपी 31 ए 7444 को भी बरामद किया है। पकड़े गए अभियुक्त ने बताया है कि उसके साथ लखविन्दर सिंह, रूपेश तिवारी, अजय वर्मा, रितेश जायसवाल व अशोक सिंह मिल कर चंढ़ीगढ़ से शराब की तस्करी कर गोदाम तक लाते है, जिसके बाद रैपर हटाकर नकली रैपर व ढक्कन लगाकर इसे सप्लाई किया जाता है।

टिप्पणियाँ