चाकू की नोंंक पर किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर मां को मारा चाकू

चाकू की नोंंक पर किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर मां को मारा चाकू


देव श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र में चाकू की नोक पर घर में घुसकर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला शनिवार को सामने आया। किशोरी की मां द्वारा विरोध किए जाने पर दबंगों ने मां पर चाकू से कई प्रहार कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। वहीं पुलिस मामले में जांच की बात कह रही है।
सदर कोतवाली की मिश्राना चौकी क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक किशोरी द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मनोज त्रिवेदी नाम का एक युवक अपने एक अन्य साथी के साथ घर में शुक्रवार की रात घुस आया और किशोरी से चाकू की नोक पर छेड़छाड़ करने लगे। किशोरी के कपड़े फाड़ने की कोशिश की। इसी दौरान किशोरी के शोर मचाने पर उसकी मां आ गई। मां ने विरोध किया तो दबंगों ने मां पर चाकुओं से कई प्रहार किए। जिससे मां लहूलुहान हो गई। चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी पहुंचे तो दबंग मौका देख कर भाग निकले। स्थानीय लोगों द्वारा किशोरी व उसकी मां को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले पर जानकारी देते हुए सदर कोतवाल फतेह सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

टिप्पणियाँ