कोल्हू पर रस की खोलती कढ़ाई में गिरा मजदूर

कोल्हू पर रस की खोलती कढ़ाई में गिरा मजदूर


लखीमपुर-खीरी। नियमों की अनदेखी कर चलाए जा रहा कोल्हू एक मजदूर की मौत का कारण बन गया। रस की खोलती कढ़ाई में मजदूर के गिर जाने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा दिया है।
जिलेभर में तमाम ऐसे कोल्हू हैं जो नियमों की अनदेखी कर मनमाने तरीके से चलाए जा रहे हैं। ऐसे में कई बार यहां काम करने वाले मजदूर दुर्घटना का शिकार बन जाते हैं और कई मामलों में तो उनकी मौत भी हो जाती है। एक ताजा मामला नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव टिकोला में सामने आया है। यहां पर चल रहे कोल्हू पर गांव के ही हरिकिशन कि गुरुवार रात मौत हो गई। हरिकिशन अपने बहनोई घासीराम के साथ कोल्हू पर काम करने आया था। गुरुवार की शाम अचानक ही हरकिशन का पैर फिसल गया और वह रस की खोलती हुई कढ़ाई में गिर गया। जब तक उसे बाहर निकाला जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद न सिर्फ कोल्हू मालिक बल्कि कई मजदूर भी मौके से भाग निकले। वहीं मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।

टिप्पणियाँ