2020 शताब्दी का पहला कैलेंडर, जाने इसकी विशेषताएं

2020 शताब्दी का पहला कैलेंडर, जाने इसकी विशेषताएं


देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। तारीखों एवं दिनों के नवीन संयोगो को समाहित किए हुआ यह नया बहुप्रतीक्षित कैलेंडर अपने आप में कई विशेषताओं से युक्त है। इसकी यही विशेषताएं हमारी जिज्ञासा को बढ़ाती हैं कि किस तारीख को कौन सा दिन पड़ेगा। यूं तो कैलेंडर वर्ष दर वर्ष आते-जाते रहते हैं। लेकिन कैलेंडर के आने-जाने का अपना एक नियम भी होता है। नववर्ष 2020 एक लीप वर्ष है, जिससे इस नववर्ष के कैलेंडर की विशेषताएं और भी बढ़ जाती हैं। अपनी इन्हीं विशेषताओं को संजोये हुए नववर्ष 2020 का कैलेंडर इस शताब्दी में पहली बार आया है।


लखनऊ पब्लिक स्कूल में गणित के अध्यापक  अतुल सक्सेना ने गणित अध्ययन के अनुरूप कैलेंडर के विशेषताओं को बताया है। उनके अनुसार इससे पूर्व यह कैलेंडर 28 वर्ष पहले पिछली शताब्दी में वर्ष 1992 में आया था। इस शताब्दी में भी यह कैलेंडर पुनः 28 वर्षों बाद 2048 एवं 2076 क्रमशः आएगा। इस तरह इस शताब्दी में इस कैलेंडर के दोहराने की प्रक्रिया कुल तीन बार ही आएगी। विगत शताब्दी में यह कैलेंडर वर्ष 1908, 1936, 1964 व 1992 में भी कुल चार बार आया था। एक शताब्दी में किसी सामान्य वर्ष के कैलेंडर के दोहराने की प्रक्रिया अधिकतम ग्यारह बार ही आती है। जबकि एक लिपि वर्ष के कैलेंडर के दोहराने की यह प्रक्रिया एक शताब्दी में तीन या चार बार ही आती है। एक सामान्य वर्ष के कैलेंडर का दोहराना छः या ग्यारह वर्षों बाद ही होता है। किन्तु, लीप वर्ष के कैलेंडर की दोहराने की प्रक्रिया एक शताब्दी में 28 वर्षों बाद ही आती है। किसी कैलेंडर के दोहराने की प्रक्रिया पूर्णतया गणितीय नियमों पर आधारित होती है।

मुंह जबानी भी याद रखा जा सकता है कैलेंडर

किसी भी वर्ष के कैलेंडर को मुँह- जुबानी भी याद रखा जा सकता है। नववर्ष 2020 के लिए अंक-कोड 256240251361 है। यह अंक क्रमशः जनवरी से दिसंबर तक के सभी बारह महीनों के लिए बारह कोड हैं। किसी तारीख में उसके माह का कोड जोड़कर 7 से भाग करने पर जो अंक आता है, वहीं अंक उस दिन कोड होता है। शून्य से छः तक के अंक क्रमशः दिन रविवार से शनिवार तक को दर्शाते है। जैसे 26 जनवरी 2020 का दिन जानने के लिए 26 में जनवरी के माह अंक कोड 2 को जोड़ने पर आए योगफल 28 को 7 से भाग करते हैं, तो भागफल 4 और शेषफल 'शून्य' आता है। शेषफल 'शून्य' का अंक 'रविवार' का दिन होने का बोध कराता है। इसी प्रकार 2 जून 2020 का दिन ज्ञात करने के लिए 2 अंक में जून का माह-कोड 0 जोड़ने पर प्राप्त योगफल 2 को 7 से भाग करने पर भागफल 0 और शेषफल 2 आएगा। शेषफल 2 का अंक दिन 'मंगलवार' का होना बताता है।

हर बड़ी और विशेष खबर को सबसे पहले अपने मोबाइल पर पाने के लिए हमें फॉलो करें।
 दाहिनी और दिया फॉलो के बटन को दबाएं

टिप्पणियाँ