तीन और प्रवासी मजदूर कोरोना पॉजिटिव, बढ़कर 17 हुई मरीजों की संख्या
तीनों अलग-अलग राज्यों से खीरी पहुंचे हैं
देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। दूसरे राज्यों से आ रहे प्रवासी मजदूरों में तीन और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यह तीनों अलग-अलग राज्य से आए हैं। शनिवार की दोपहर आई 32 रिपोर्टों में 29 नेगेटिव व तीन पॉजिटिव निकली हैं। इससे पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए 14 प्रवासी मजदूरों को आइसोलेटेड किया जा चुका है।
डीएम खीरी शैलेंद्र कुमार सिंह द्वारा मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर कोरोना की 32 रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। जिनमें 29 नेगेटिव हैं, वहीं 3 पॉजिटिव भी हैं। यह तीनों प्रवासी मजदूर हैं और सभी अलग-अलग राज्यों से जिला खीरी में आए हैं। यह सभी जिला खीरी के मूल निवासी हैं।इनमें पहला पॉजिटिव प्रवासी मजदूर महाराष्ट्र के ठाणे से आया था जो गांव बाबापुरवा फूलबेहड़ का मूल निवासी है। वहीं दूसरा पॉजिटिव प्रवासी मजदूर जयपुर से आया था जो ईसानगर का रहने वाला है। इसके अतिरिक्त तीसरा पॉजिटिव मजदूर रोहतक से आया था जो गांव श्रीनगर फूलबेहड़ का रहने वाला है। वर्तमान समय में यह तीनों अपने-अपने क्षेत्र में बने संस्थागत क्वॉरेंटाइन सेंटर में क्वॉरेंटाइन हैं। प्रशासन आने वाले हर एक श्रमिक पर अपनी पूरी नजर बनाए हुए हैं। पॉजिटिव पाए जा रहे सभी श्रमिकों के संपर्क में आए हुए हर एक व्यक्ति से प्रशासन संपर्क कर उचित व्यवस्थाएं कर रहा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें