बच्चों के बनाए मॉडल लोगों के मन को भाए

बच्चों के बनाए मॉडल लोगों के मन को भाए




परिषदीय स्कूलों के बच्चों ने जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में लिया भाग

लखीमपुर खीरी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में संविलियन विद्यालय सदर में जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें समस्त विकास क्षेत्र से चयनित सर्वश्रेष्ठ 160 बच्चों ने अपने विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन से हुआ। कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पाण्डेय ने कहा कि विज्ञान बच्चों में सर्वांगीण विकास करती है। बच्चों के आचार विचार और सोच को एक विस्तृत रूप प्रदान करती है। डाएट प्राचार्य डॉ. ओपी गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने अनूठे मॉडल बनाएं हैं। विज्ञान द्वारा आओ करके सीखे प्रक्रिया बच्चों को सहजता से सिखाती है और बच्चों का सम्पूर्ण विकास करती है। जिला बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक डॉ. अनिल कुमार ने सभी बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम निरंतर होते रहने  चाहिए। इन्हीं कार्यक्रम से आगे चलकर बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित होती है, यह बच्चे आगे चलकर वैज्ञानिक बनेंगे। जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ 10 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया जिनमें यूपीएस जगसड़ नकहा के अंकित कुमार, यूपीएस मोहम्मदाबाद कुंभी के विनय कुमार सिंह, यूपीएस ज्ञानपुर फूलबेहड़ की ज्योति गुप्ता, यूपीएस कुंवरपुर मोहम्मदी की पूनम, यूपीएस सुखबसा  के विकास यादव, यूपीएस कोटरा पसगवां के रोहित त्रिपाठी, यूपीएस कोटवा बेहजम की नीरज देवी, यूपीएस बसारा  के प्रियम गुप्ता, यूपीएस रतसिया बेहजम के दीपेंद्र शुक्ला, यूपीएस मूड़ी कोरियाना धौरहरा के कृष्णाश मिश्रा का चयन किया गया। इन चयनित बच्चों को डाएट प्राचार्य डॉ. ओपी गुप्ता और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पाण्डेय द्वारा सम्मानित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अन्य सर्वश्रेष्ठ मॉडल बनाने वाले गुरमीत सिंह और दुर्गेश कुमार को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समस्त प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल में राजकीय इंटर कॉलेज से वीडी भार्गव, मोहम्मद नईम, धर्म सभा इंटर कॉलेज से प्रवक्ता दिनेश श्रीवास्तव, विनोद कांत, पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज से धीरज श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव ने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन करके निर्णय करने का कार्य किया।

टिप्पणियाँ