लखीमपुर-खीरी। विधान सभा चुनाव 2022 में भी मोदी-योगी की लहर कायम रही। जिले की सभी सीटों पर पुराने विधायक ही दोबारा चुने गए। हर सीट पर सपा दूसरे पायदान पर रही। मोहम्मदी सीट पर ही केवल भाजपा-सपा प्रत्याशियों के बीच जीत का अंतर सबसे कम और निघासन में सबसे ज्यादा रहा। भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने जमकर खुशी मनाई। ढोल-जगाड़ों के साथ अबीर-गुलाल उड़ाया गया। मोहल्लों तक में भाजपा के झंडे के साथ कार्यकर्ता जयश्री राम के नारे लगाते दिखाई दिए। बाइकें दौड़ा कर भी जश्न मनाया गया।
विधानसभा धौरहरा में भाजपा प्रत्याशी विनोद शंकर अवस्थी ने सपा प्रत्याशी वरुण सिंह को 24610 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। तीसरे पायदान पर बसपा के आनंद मोहन त्रिवेदी रहे। चौथे स्थान पर शिवसेना के मूलेंद्र कुमार अवस्थी और पांचवें पायदान पर कांगे्रस की जितेन्द्री देवी रहे।
विधान सभा गोला गोकर्णनाथ में अरविंद गिरि लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए। अरविंद गिरि ने सपा प्रत्याशी विनय तिवारी को 29294 को मतों के बड़े अंतर से हराया। यहां से बसपा प्रत्याशी पटेल शिखा अशोक कनौजिया तीसरे और कांगे्रस के प्रहलाद पटेल चौथे स्थान पर रहे।
विधानसभा कस्ता से भी भाजपा प्रत्याशी सौरभ सिंह सोनू ने दोबारा सीट पर कब्जा जमाया। उन्होंने सपा प्रत्याशी सुनील कुमार भार्गव को 13817 के फासले से हराकर जीत दर्ज की। बसपा की हेमवती देवी तीसरी और कांगे्रस के राधेश्याम चौथे स्थान पर रहे।
लखीमपुर विधान सभा में भी भाजपा प्रत्याशी योगेश वर्मा दोबारा चुने गए। एक बार फिर उन्होंने उत्कर्ष वर्मा मधुर को पराजित किया। इस बार जीत का अंतर 20587 रहा। बसपा के मोहन बाजपेई और कांगे्रस के डा. रवि शंकर त्रिवेदी क्रमश: तीसरे और चौथे पायदान पर रहे।
मोहम्मदी विधान सभा में कांटे की टक्कर रही। यहां सपा के दाउद अहमद शुरुआती राउण्ड में काफी आगे रहे। एक समय उनकी जीत के प्रति सपा आश्वस्त तक होने लगी थी लेकिन इसके बाद भाजपा प्रत्याशी लोकेंद्र प्रताप सिंह के वोटों की संख्या बढऩे लगी। अंतिम राउण्ड तक उन्होंने दाउद अहमद से संघर्ष करते हुए महज 4871 वोटों के अंतर से ही सीट पर दोबारा कब्जा किया। यहां भी तीसरे और चौथे पायदान पर क्रमश: बसपा के शकील अहमद सिद्दीकी व कांगे्रस की रितु सिंह रहीं।
तिकुनियां हिंसा कांड के बाद से सबसे ज्यादा निगाहें निघासन सीट पर थीं। यहां पूरे चुनाव पर टक्कर मानी जा रही थी। मतदाताओं ने इन अटकलों को पूरी तरह से नकार दिया। निघासन सीट से भाजपा प्रत्याशी ने जिले की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी शशांक वर्मा ने सपा प्रत्याशी आरएस कुशवाहा को 41009 मतों के भारी अंतर से मात दी। बसपा प्रत्याशी तीसरे और कांगे्रस प्रत्याशी अटल कुमार शुक्ला चौथे पायदान पर रहे।
पलिया विधायक हरविंदर कुमार साहनी उर्फ रोमी साहनी ने भाजपा से लगातार दूसरी और जिले में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। हालांकि यहां उन्हें सपा प्रत्याशी प्रीतेंद्र सिंह कक्कू ने शुरुआती कई राउण्डों में पछाड़े रखा। इसके बाद रोमी साहनी ने बढ़त बनानी शुरू की। आखिरी राउण्ड और पोस्टल बैलेट वोटों के आधार पर रोमी ने प्रीतेंद्र को 38129 मतों से शिकस्त दी।
श्रीनगर विधान सभा में भी भाजपा प्रत्याशी मंजू त्यागी का रूतबा बरकरार रहा। मंजू त्यागी ने सपा प्रत्याशी राम सरन को 17608 मतों से हराया। मीरा बानों को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। वहीं कांगे्रस यहां भी केवल नाम की चौथे स्थान पर रही।
विधानसभा धौरहरा
विनोद शंकर अवस्थी भाजपा 113498
वरुण सिंह सपा 88888
आनंद मोहन त्रिवेदी बसपा 16122
मुलेन्द्र कुमार अवस्थी शिवसेना 2566
जितेन्द्री देवी कांग्रेस 1216
विधानसभा गोला गोकर्णनाथ
अरविन्द गिरि भाजपा 126534
विनय तिवारी सपा 97240
पटेल शिखा अशोक कनौजिया बसपा 26970
प्रहलाद पटेल कांग्रेस 3513
कस्ता
सौरभ सिंह भाजपा 103315
सुनील कुमार भार्गव सपा 89498
हेमवती देवी बसपा 16344
राधेश्याम कांग्रेस 1956
लखीमपुर
योगेश वर्मा भाजपा 127663
उत्कर्ष वर्मा मधुर सपा 107085
मोहन बाजपेई बसपा 24014
डा. रवि शंकर त्रिवेदी कांग्रेस 2834
मोहम्मदी
लोकेन्द्र प्रताप सिंह भाजपा 99377
दाउद अहमद सपा 94506
शकील अहमद सिद्दीकी बसपा 31144
रितु सिंह कांग्रेस 2419
निघासन
शशांक वर्मा भाजपा 126488
आरएस कुशवाहा सपा 85479
आरए उस्मानी बसपा 15392
अटल कुमार शुक्ला कांग्रेस 2762
पलिया
हरविंदर कुमार साहनी भाजपा 118864
प्रीतेंद्र सिंह कक्कू सपा 80735
डा. जाकिर हुसैन बसपा 27849
रिसाल अहमद कांग्रेस 4514
श्रीनगर
मंजू त्यागी भाजपा 108249
राम सरन सपा 90641
मीरा बानो बसपा 23091
चांदनी कांग्रेस 2127
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें