अवैध संबंधों का विरोध करने पर बड़ी बहन ने कराई थी हत्या
दो साथियों के साथ मिलकर चारों प्रेमियों ने दिया घटना काे अंजाम
बड़ी बहन सहित छह लड़के हिरासत में
शिरीष श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी। गांव के चार लड़कों से अवैध सम्बन्ध बनाने से रोकना व घर के आसपास गुजरने पर लड़कों को गालियां देना बड़ी बहन को इस कदर नागवार गुजरा कि उसने छोटी बहन को सबक सिखाते हुए रास्ते से ही हटाने का इरादा कर लिया। शौच के बहाने छोटी बहन को खेत में ले गई जहां उसके चारों प्रेमी अपने दो साथियों के साथ पहले से मौजूद थे। सभी ने उसकी छोटी बहन को पकड़ लिया। बड़ी बहन के सामने ही चारों प्रेमियों ने बारी-बारी से छोटी बहन के साथ बलात्कार किया। फिर भेद खुलने व बड़ी बहन से संबंध बनाने में बने रोड़ा को हटाने के लिए गला घोंटकर हत्या कर दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही घटना का खुलासा कर दिया। बड़ी बहन व हत्या में शामिल छहों लड़कों को गिरफ्तार कर लिया। इकबालेजुर्म के बाद सातों को जेल भेज दिया है।
गौरतलब रहे कि 28 जून को कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम धोबहा भोजपुर में एक 12 वर्षीय बालिका की लाश खेत से बरामद हुई थी। मौके के हालात बालिका की बलात्कार के बाद हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। पुलिस ने मृतका के पिता महेश निवासी ग्राम धोबहा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। चूंकि मृतका अपनी बड़ी बहन राजनी के साथ ही शौच के लिए गई थी इसलिए पुलिस ने शक के आधार पर उसे ही पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिसिया पूछताछ में राजनी ने गुनाह कुबूल लिया। राजनी ने बताया कि उसका गांव के ही चार लड़कों रंजीत चौहान, अमर सिंह, अंकित व संदीप से प्रेम प्रसंग और अवैध संबंध थे। एक माह पूर्व छोटी बहन का अपनी बड़ी बहन के अवैध संबंधों का पता चल गया। इस पर न केवल वह अपनी बड़ी बहन को ऐसा करने से रोकती थी बल्कि घर के आस-पास टहलने पर चारों लड़कों को गालियां भी देती थी। छोटी बहन की इस हरकत पर अकसर राजनी का उससे झगड़ा होता था। जब वह अवैध संबंध में रोड़ा बनने लगी तो राजनी और उसके चारों प्रेमियों ने छोटी बहन को सबक सिखाते हुए रास्ते से हटाने का कुचक्र रच डाला।
मंगलवार को राजनी शौच के बहाने अपनी छोटी बहन के साथ खेत में लेकर पहुंची। खेत में चारों प्रेमी अपने दो साथियों दीपू चौहान व अर्जुन के साथ पहले से मौजूद थे। सभी लड़कों ने छोटी बहन को पकड़ लिया और उसके कपड़े उतारने लगे। दीपू और अर्जुन ने निगरानी शुरू कर दी। राजनी के चारों प्रेमियों ने छोटी बहन के साथ बारी-बारी से बलात्कार किया। अपनी बहन के साथ होती हैवानियत राजनी आराम से देखती रही। जब लड़की बेसुध हो गई तब दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद राजनी को घर भेज दिया। राजनी घर लौटी और सामान्य रूप से घर में ही रही। उधर जब छोटी बेटी घर न पहुंची तो मां को चिंता होने लगी। मां ने उसे खोजना शुरू कर दिया। मां को खोजबीन करते देख राजनी ने कहा कि उसने छोटी बहन को गन्ने के खेत में शौच के लिए जाते देखा था। जब मां खेत में पहुंची तो वहां उसे बेटी की लाश मिली। राजनी के बयान के आधार पर पुलिस ने उसके चारों प्रेमियों व हत्या में शामिल दोनों साथियों काे भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रंजीत चौहान पुत्र विनोद चौहान निवासी झाऊपुर खम्बारखेड़ा, अमर सिंह उर्फ अमरू पुत्र रामकिशोर चौहान, अंकित पुत्र राम सागर चौहान, संदीप चौहान पुत्र तौलेराम, दीपू चौहान पुत्र राम कुमार चौहान व अर्जुन पुत्र साहब दीन चौहान निवासीगण धोबहा काेतवाली सदर के रूप में की। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस सभागार में मीडिया के सामने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। वहीं पुलिस टीम को 20 हजार नकद पुरस्कार की घोषणा की। खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चंद्र शेखर सिंह, अपराध निरीक्षक संजय सिंह, महिला उप निरीक्षक साधना यादव, उप निरीक्षक रंजीत सिंह यादव, कमलेश कुमार, साहब लाल व दुर्गेश कुमार शर्मा, कांस्टेबल मांगेराम, महिला कांस्टेबल संगीता व ज्योति शामिल रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें