फ्रेंड्स फॉरएवर के छठे समागम में सदस्यों ने लिए संकल्प

फ्रेंड्स फॉरएवर के छठे समागम में सदस्यों ने लिए संकल्प

विवेक श्रीवास्तव/ देवनन्दन श्रीवास्तव 
लखीमपुर-खीरी। सामाजिक संस्था फ़्रेण्ड्स फ़ॉरएवर का छठा वार्षिक समागम धूमधाम से मनाया गया। जिसमे संस्था से जुड़े हुए विभिन्न वर्गों एवं विभिन्न ज़िलों और राज्यों से आए हुए सदस्यों ने हिस्सा लिया। कोविड के कारण पिछले दो वर्षों से समागम न हो पाने के कारण इस बार कार्यक्रम का आयोजन दोगुने उत्साह एवं ऊर्जा के साथ किया गया ।
कार्यक्रम का आयोजन शहर के प्रेसिडेंट लॉन में किया गया। जिसमें संस्था के वरिष्ठ सदस्यों शैलेंद्र कौशिक,अनुराग बंसल, मनमीत सिंह, कपिल देव आनंद,दीपक श्रीवास्तव, मनोज पांडेय,एवं मगन सिंह फ़ौजी ने कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। जिसके बाद फ्रेंड्स फ़ॉर एवर के विजय शुक्ल ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
सर्वप्रथम संस्था में पिछले एक वर्ष में शामिल हुए नए सदस्यों और पहली बार समागम में उपस्थित हुए सदस्यों का बाक़ी सभी सदस्यों से परिचय कराया गया। 
संस्था की परम्परा अनुसार संस्था के लिए विशेष योगदान देने वाले सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिसके अंतर्गत अपूर्व शुक्ला को मोस्ट डेडिकेटेड पर्सन ऑफ़ द ईयर, हरि तापड़िया को मोस्ट डिवोटेड पर्सन ऑफ़ द ईयर, अंशुमान मिश्रा को बेस्ट न्यू मेंबर और पुनीत अग्रवाल को बेस्ट सपोर्टिव पर्सन ऑफ़ द ईयर का पुरस्कार दिया गया। 
कोरोना काल में जब सब तरफ़ अफ़रा तफ़री का माहौल था। उस समय भी हर ज़रूरतमंद तक अपनी सेवाएँ पहुँचाने वाले संस्था के ही सदस्य डॉक्टर कुलदीप सिंह को अपने नेक कार्यों के लिए संस्था के सर्वोच्च सम्मान स्टार ऑफ़ द ईयर से सम्मानित किया। संस्था के अध्यक्ष राजपाल सिंह के द्वारा विगत वर्षों में संस्था की उपलब्धियों एवं भविष्य में संस्था के लक्ष्यों एवं समाज में उसकी भावी भूमिका पर प्रकाश डाला गया। सभी सदस्यों द्वारा संस्था को सामाजिक रूप से और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प इस मौके पर लिया गया। 
कार्यक्रम का संचालन संस्था के अध्यक्ष राजपाल सिंह एवं सचिव ऋषभ त्यागी ने संयुक्त  रूप से किया। संस्था के संरक्षक एफएफई बाग़वान के रूप में शैलेंद्र कौशिक एवं कपिल आनंद को सम्मानित किया गया। संस्था के लिए दिन रात समर्पित रहने वाले संस्था के अध्यक्ष एवं सचिव जी को सभी सदस्यों की ओर से धन्यवाद  ज्ञापित करने के साथ ही सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

टिप्पणियाँ