स्कालर वर्ड स्कूल में किया गया "गुरु वन्दन-छात्र अभिनन्दन" कार्यक्रम

स्कालर वर्ड स्कूल में किया गया "गुरु वन्दन-छात्र अभिनन्दन" कार्यक्रम

भारत विकास परिषद की संस्कृति शाखा लखीमपुर खीरी द्वारा किया गया कार्यक्रम 
देव नन्दन श्रीवास्तव 
लखीमपुर-खीरी। भारतीय संस्कृति को समर्पित भारत विकास परिषद की संस्कृति शाखा लखीमपुर खीरी द्वारा गुरु वन्दन-छात्र अभिनन्दन कार्यक्रमों की श्रंखला के तहत स्कालर वर्ड स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मां भारती और स्वामी विवेकानन्द जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर व वन्दे मातरम् गान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संस्थाध्यक्ष आर्येन्द्र  सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के चेयरमैन अमर कुमार तोलानी, प्रबन्ध निदेशिका श्रीमती हर्षा तोलानी व प्रधानाचार्या सुश्री सीमा दुग्गल की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन विद्यालय की शिक्षिका सुश्री अंजलि गुप्ता द्वारा किया गया। नैतिकता एवं नशामुक्त समाज की स्थापना हेतु नैतिक मूल्यों की शपथ संस्था सचिव शुक्ला रूपाली कुमार द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को दिलाई गई।

कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्थाध्यक्ष आर्येन्द्र सिंह द्वारा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देने के साथ साथ गुरु-शिष्य परंपरा का वर्णन करते हुए आज के परिवेश में इसकी आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक वैभव नरेश श्रीवास्तव एवं सुश्री प्रीती गुप्ता को उत्कृष्ट शिक्षण पद्धति हेतु "आदर्श शिक्षक सम्मान" के रूप में ट्राफी व प्रशस्ति-पत्र देने के साथ माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों क्रमशः हर्ष वर्मा, मनीत वर्मा, श्रष्टि तिवारी, नाव्या पटेल व प्रखर वर्मा को मेधावी छात्र सम्मान से अलंकृत किया गया। विद्यालय चेयरमैन अमर कुमार तोलानी ने अपने उद्बोधन में संस्था के इस अभिनव प्रयास एवं सार्थक पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। 
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में संस्कारों की स्थापना के साथ स्वयं को ऊर्जावान बनाने की स्पर्धा कायम होगी और समाज में गुरु-शिष्य की दिव्य परम्परा को पुनर्जीवित किया जा सकेगा। कार्यक्रम के अन्त में विद्यालय प्रबंधन द्वारा संस्थाध्यक्ष आर्येन्द्र सिंह को स्मृति प्रतीक भेंट किया गया और संस्था द्वारा विद्यालय को संस्कृति आलेख युक्त भारत माता का चित्र प्रदान किया गया। इस भव्य आयोजन में संस्था सचिव शुक्ला रूपाली कुमार, सांची माथुर, मोनी पाण्डेय, विनीता त्रिपाठी के साथ विद्यालय प्रबंध समिति सहित अंजली गुप्ता, अंकिता श्रीवास्तव, ओम शंकर, अभय गुप्ता, कौशल, लवकुश, निगम जी, हर्षिता, आयुषी, नेहा, साधना व विक्रांत आदि शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।

टिप्पणियाँ