लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने किया निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 730 का निरीक्षण, प्रगति पर जताई खुशी

लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने किया निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 730 का निरीक्षण, प्रगति पर जताई खुशी
देवनन्दन श्रीवास्तव 
लखीमपुर-खीरी, 7 दिसम्बर (हि.स.)। लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद द्वारा गुरुवार को जनपद लखीमपुर खीरी में राष्ट्रीय राजमार्ग-730 (पीलीभीत-पूरनपुर-खीरी- बलरामपुर- पडरौना) मार्ग का निरीक्षण किया गया। मंत्री जी द्वारा खीरी शहर में निर्माणाधीन दो फ्लाई ओवर एवं एक फ्लाई ओवर कम आरओबी का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जितिन प्रसाद के मीडिया प्रभारी राजीव अग्निहोत्री ने बताया कि छाउछ चौराहे पर स्थित फ्लाई ओवर में 640 मीटर लम्बाई का एलिवेटेड वायाडक्ट एवं 460 मीटर लम्बाई में दोनो ओर एप्रोच रोड का प्राविधान रखा गया है। स्थानीय यातायात की सुविधा हेतु दोनो ओर सर्विस रोड का निर्माण कार्य भी किया गया है।

एलआरपी चौराहे पर स्थित फ्लाई ओवर में 600 मीटर लम्बाई का एलिवेटेड वायाडक्ट एवं 500 मीटर लम्बाई मे दोनों ओर एप्रोच रोड का प्राविधान रखा गया है। स्थानीय यातायात की सुविधा हेतु दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण कार्य भी किया गया है।

राजापुर चौराहे पर फ्लाई ओवर कम आरओबी का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, इसमें 64 मीटर लम्बाई का एलिवेटेड वायाडक्ट, 96 मीटर लम्बाई का रेलवे भाग तथा दोनों एप्रोच सहित कुल लम्बाई 1.600 किमी का निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया है। रेलवे भाग में भी डेक स्लैब की कास्टिंग का कार्य पूर्ण करा दिया गया है तथा इस आरओबी को यातायात हेतु नये वर्ष पर जनता के लिये उपलब्ध करा दिया जायेगा।

इन तीनों सेतुओं का निर्माण कार्य 192.31 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण कराया गया है। दो फ्लाई ओवर एवं एक फ्लाई ओवर कम आरओबी को पूर्ण करने की लक्षित तिथि 17 फरवरी 2024 थी, परन्तु विभाग द्वारा इसका निर्माण समय से लगभग दो माह पूर्व ही पूर्ण करा दिया गया है।

 मंत्री जी द्वारा निरीक्षण के समय समस्त कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता व सुरक्षा के साथ किये जाने के निर्देश भी दिये गये। मंत्री जी द्वारा इस राष्ट्रीय मार्ग पर गोला के निकट दो आरओबी के निर्माण की भी समीक्षा की तथा राष्ट्रीय मार्ग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनो आरओबी का निर्माण कार्य 3 माह के अन्दर पूर्ण करा दिया जाय, ताकि यातायात को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के समय राष्ट्रीय मार्ग के मुख्य अभियन्ता, अधीक्षण अभियन्ता व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/देवनन्दन

टिप्पणियाँ