लखीमपुर को हरा भरा, स्वच्छ-सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने को लेकर हुआ कार्यक्रम का आयोजन
देव नन्दन श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी। छोटी छोटी कोशिशों से बड़ा बदलाव लाने की सकारात्मक सोंच के साथ लखीमपुर को हरा भरा, स्वच्छ-सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें गठित 'पर्यावरण मित्र समूह' की योजना बैठक में विभिन्न संगठनों, सेवियों के जुड़ाव, क्षेत्र निर्धारण, समूह, ईको क्लबों के गठन एवं विशेष ध्यान देने योग्य बातों पर चर्चा के साथ साथ पर्यावरण प्रहरी सम्मान दिए जाने की रूपरेखा निर्धारित की गई।
स्थानीय सिटी मांटेसरी इंटर कालेज सभागार में मधुलिका त्रिपाठी के सभापतित्व, मयूरी नागर के संचालन में संपन्न हुई पर्यावरण मित्र समूह की योजना बैठक का शुभारंभ निधि द्वारा सभी उपस्थित जन को पर्यावरण संरक्षण हित शपथ ग्रहण कराने के साथ किया गया। बैठक के संयोजक विशाल सेठ द्वारा पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से संस्था के उद्देश्य "आओ धरा सजाएं इसे हरा भरा बनाएं" के क्रम में विभिन्न बिंदुओ एवं आगामी कार्य योजना आदि पर रुचिकर जानकारी प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण लक्ष्य प्राप्ति के लिए मार्गदर्शन बिंदु प्रस्तुत किए गए। जिनमें प्रमुख रूप से मीडिया प्रभारी राम मोहन गुप्त, बैठक की सभापति मधुलिका त्रिपाठी, ग्रीन फील्ड एकेडमी के आलोक मिश्र, समाजसेवी रमेश अग्रवाल,पर्यावरण सेवी अजय जायसवाल, डा. शालू गुप्ता, संस्था की सक्रिय कार्यकत्री मयूरी नागर और प्रिया दीक्षित आदि सम्मिलित रहे।
समूह की अगली बैठक ग्रीन फील्ड एकेडमी में आयोजित किए जाने के निर्णय, विभिन्न संस्थाओं द्वारा अपने कार्य क्षेत्र ग्रुप के चयन एवं पर्यावरण मित्र समूह द्वारा पौधारोपण के साथ संपन्न हुई बैठक में विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थाओं के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें