संस्कृति शाखा के संस्कृति सप्ताह में भावनाओं का उमड़ा सैलाब

अनकही अनसुनी प्रतिभाओं के सम्मान से संस्कृति शाखा के संस्कृति सप्ताह में भावनाओं का उमड़ा सैलाब

देवनन्दन श्रीवास्तव 
लखीमपुर-खीरी।  भारत विकास परिषद, नैमिष प्रान्त की संस्कृति शाखा, लखीमपुर खीरी द्वारा संस्कृति सप्ताह के षष्ठं दिवस अनकही अनसुनी प्रतिभाओं के सम्मान का कार्यक्रम 'सैल्यूट टू अनसंग हीरोज़' के नाम से आयोजित किया। इस कार्यक्रम में लखीमपुर शहर की ऐसी 10 विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया जिन्होंने निस्वार्थ भाव से अपना सम्पूर्ण जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित कर दिया। कोविड काल की विभीषिका में भी वे डट कर खड़े रहे और मानवता को जीवंत करते रहे। उक्त कार्यक्रम गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, लखीमपुर में आयोजित किया गया। 
शाखाध्यक्ष एडवोकेट आर्येन्द्र पाल सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में ज्ञानी सुरजीत सिंह, कमलेश कुमार जुनेजा 'मिट्ठू, सरदार सतनाम सिंह, सरदार सुबेग सिंह, जितेन्द्र सिंह, सतपाल सिंह 'पाली', हरिओम भल्ला, गुरमेल सिंह को तिरंगा पट्टिका, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन विभूतियों का जनमानस के लिए अविस्मरणीय योगदान रहता है। मौसम, स्वास्थ्य या व्यक्तिगत परेशानियों को दरकिनार कर ये सेवादार निरंतर अपनी सेवाएं देते हैं। जन्म से लेकर मृत्यु तक ये साथ खड़े दिखाई देते हैं। इनमें से कोई गुरुद्वारा से संचालित निःशुल्क शव वाहन चालक हैं तो कुछ अन्त्येष्टि स्थल के निगेहबान। कुछ तो लावारिस शवों को सद्गति देने वाले हैं। 
निश्चित रूप से संस्कृति शाखा व सम्पूर्ण मानव जाति इनके व्यक्तित्व को प्रणाम करती है। सम्मान की इस कड़ी में सलेमपुर कोन स्थित लायन्स उपकार नेत्र चिकित्सालय को विगत 25वर्षों से सेवारत कर्मचारी जालिम सिंह के साथ अनिल कुमार पाण्डेय को भी उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
मानवीय भावनाओं से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में संस्कृति शाखा के अध्यक्ष आर्येन्द्र पाल सिंह, संयुक्त सचिव शिशिर अवस्थी, कोषाध्यक्ष राजशेखर, निधि गुप्ता, नीलम गुप्ता, आलोक शुक्ला, दुर्गेश गुप्ता, गुरुद्वारा प्रबन्ध कमेटी से महासचिव गुरजीत जुनेजा, वरिष्ठ सदस्य सरदार पाल सिंह, हरजिन्दर सिंह, राजेन्द्र सिंह अजमानी, जितेन्द्र सिंह छाबड़ा,त्रिलोचन सिंह जुनेजा, गुरभेद सिंह,गुरदेव सिंह, जनरैल सिंह आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अन्त में महासचिव गुरुद्वारा कमेटी गुरजीत सिंह व अन्य वरिष्ठ कमेटी मेम्बरों ने संस्कृति शाखा के इस प्रयास की सराहना की और कमेटी की ओर से एक स्मृति चिन्ह संस्कृति शाखा को भेंट किया।

टिप्पणियाँ