यातायात व्यवस्था को मिलेगा संबल, इंडियन बैंक ने पुलिस को सौंपे बैरिकेड्स

यातायात व्यवस्था को मिलेगा संबल, इंडियन बैंक ने पुलिस को सौंपे बैरिकेड्स
देवनन्दन श्रीवास्तव 
लखीमपुर खीरी 16 मई। शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाने की दिशा में इंडियन बैंक ने एक सराहनीय पहल करते हुए पुलिस प्रशासन को चार नए बैरिकेड्स प्रदान किए हैं। यह योगदान बैंक की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत किया गया है।

इंडियन बैंक के अंचल प्रबंधक कमलेश चंद्र त्रिपाठी द्वारा एलआरपी चौकी प्रभारी पशुपति नाथ तिवारी को ये बैरिकेड्स सौंपे गए। इस अवसर पर एलडीएम अजय कुमार पांडेय, उप अंचल प्रबंधक विकास कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक सत्येंद्र गंगवार, प्रदीप कुमार सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।

यह पहल न केवल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सशक्त बनाएगी, बल्कि बैंकिंग संस्थानों की सामाजिक भागीदारी का भी एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है। पुलिस प्रशासन ने इसके लिए इंडियन बैंक का आभार जताया और सहयोग की इस भावना को शहरहित में महत्वपूर्ण बताया।

टिप्पणियाँ