मोहम्मदी पुलिस ने ‘यक्ष एप’ की मदद से 6 चोरों को किया गिरफ्तार, 8 लाख की सोलर प्लेट बरामद
देवनन्दन श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी। थाना मोहम्मदी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोलर प्लेट चुराने वाले छह चोरों को 8 लाख की सोलर प्लेट के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि पुलिस टीम ने ‘यक्ष एप’ की सहायता से चोरी के मामले में वांछित 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी मंगलवार को थाना मोहम्मदी क्षेत्र में की गई। यह सभी अभियुक्त थाना मोहम्मदी में पंजीकृत मु0अ0सं0 09/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत वांछित थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में अभिषेक वर्मा, राहुल वर्मा, गौतम वर्मा, सुजीत, प्रखर वर्मा उर्फ भूरे तथा मोहित सक्सेना शामिल हैं, जो सभी मोहल्ला बबौरी, कस्बा मोहम्मदी के निवासी हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई 45 सोलर प्लेट बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जान मोहम्मद सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें