बरसात की फुहारों के बीच रंगों की बहार, चित्रगुप्तपुरम में हर्षोल्लास से मना कायस्थ समाज का होली मिलन समारोह

बरसात की फुहारों के बीच रंगों की बहार, चित्रगुप्तपुरम में हर्षोल्लास से मना कायस्थ समाज का होली मिलन समारोह

देवनन्दन श्रीवास्तव 
लखीमपुर-खीरी। स्थानीय गढ़ी रोड स्थित श्री चित्रगुप्तपुरम परिसर में बने श्री चित्रगुप्त कायस्थ धर्मशाला में रविवार को कायस्थ समाज का होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में रंग, संस्कृति और सामाजिक एकता की अनूठी छटा देखने को मिली। पूरे परिसर में भाईचारे, अपनत्व और उल्लास का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता तथा अतिविशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थाध्यक्ष चित्रांश अनूप सिंह ने की, जबकि मंच संचालन प्रख्यात कवि कुलदीप समर ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान चित्रगुप्त की स्तुति, आराधना और आरती के साथ हुआ।
इस अवसर पर कायस्थ समाज की ओर से भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में नन्हीं प्रतिभाओं की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समूचे वातावरण को सुरों और तालों से गुंजायमान कर दिया। बच्चों के थिरकते कदमों और आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभागार बार-बार करतल ध्वनि से गूंज उठता रहा।

कार्यक्रम के दौरान हुई हल्की बरसात की फुहारें भी उत्साह को कम न कर सकीं। इस अवसर पर कवि विशेष शर्मा और इंद्रपाल वर्मा ने अपनी ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण कविताओं से समारोह में ऊर्जा और उल्लास का संचार किया। साथ ही कायस्थ समाज की विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित कर संस्था ने उन्हें प्रोत्साहित किया।

मुख्य अतिथि अरविंद गुप्ता ने अपने संबोधन में कार्यक्रम की सराहना करते हुए समाज की एकजुटता को प्रेरणादायक बताया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने कायस्थ धर्मशाला के निर्माण में आर्थिक सहयोग की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने धर्मशाला से सटी सड़क के निर्माण को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए पालिका कर्मियों को निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ संरक्षक राजीव रत्न खरे ने समाज में एकता और सहयोग का संदेश दिया, जबकि महामंत्री रमेश पांडिया ने समाज के लोगों से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने तथा संस्था से जुड़ने का आह्वान किया।

समारोह में संस्था संरक्षक डॉ. ओम प्रकाश श्रीवास्तव, शशिकांत श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव (एडवोकेट), कोषाध्यक्ष लोकेंद्र कुमार श्रीवास्तव, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष अनीता निगम, उपाध्यक्ष मुकेश सक्सेना, रविकांत श्रीवास्तव, इंजी. राजेश श्रीवास्तव, मधुबाला श्रीवास्तव, लक्ष्मी निगम, रीना अस्थाना, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, डॉ. अंजित श्रीवास्तव, डॉ. प्रिया सक्सेना, अशोक श्रीवास्तव, डॉ. प्रदीप निगम, नितिन श्रीवास्तव, निर्मल रायजादा, प्रवास रायजादा, संजय अस्थाना सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के गणमान्य लोग, पत्रकार एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

समारोह का समापन फूलों और गुलाल की सामूहिक होली के साथ हुआ, जहां रंगों के साथ रिश्तों की मिठास और सामाजिक एकता की सुंदर तस्वीर भी देखने को मिली। अंत में संस्थाध्यक्ष चित्रांश अनूप सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

टिप्पणियाँ