आई.सी.एस.ई. एवं आई.एस.सी. 2026 के परिणामों में लखनऊ पब्लिक स्कूल, लखीमपुर शाखा का उत्कृष्ट प्रदर्शन
आई.सी.एस.ई. के विशेष बाजपेई ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया गौरव एवं आई.एस.सी. प्रखर वर्मा ने नगर क्षेत्र में प्राप्त किया पहला स्थान
देवनन्दन श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी। आईसीएसई (कक्षा 10) एवं आई.एस.सी. (कक्षा 12) बोर्ड परीक्षा 2026 के घोषित परिणामों में लखनऊ पब्लिक स्कूल, शाखा लखीमपुर के छात्र-छात्राओं ने एक बार पुनः शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
आई.सी.एस.ई. परीक्षा में विशेष बाजपेई ने 98.4% अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, आई.एस.सी. परीक्षा में प्रखर वर्मा ने 96.25% अंक अर्जित कर जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
विशेष बाजपेई के पिता श्री सत्येंद्र बाजपेई एक व्यवसायी हैं तथा माता श्रीमती पूजा बाजपेई गृहिणी हैं। विशेष का लक्ष्य भविष्य में इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना है।
प्रखर वर्मा के पिता श्री विजय कुमार वर्मा कृषक हैं एवं माता श्रीमती नीतू वर्मा बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षिका हैं। प्रखर का उद्देश्य ए.आई./एम.एल. क्षेत्र में शोधकर्ता बनना है।
आई.सी.एस.ई. परीक्षा में अविंद्र सिंह ने 97.8% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि यशिका वर्मा ने 96.8% अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।
आई.एस.सी. परीक्षा में हर्षल शुक्ला ने 96% अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा यशी राज ने 95.25% अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सभी विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों एवं अभिभावकों को दिया।
इस वर्ष आई.सी.एस.ई. में 129 तथा आई.एस.सी. में 100 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सम्मिलित होकर शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि आई.सी.एस.ई. के 27 एवं आई.एस.सी. के 22 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, जो विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है।
विद्यालय के चेयरमैन एवं सांसद डॉ. एस.पी. सिंह, मुख्य प्रशासिका एवं पूर्व एम.एल.सी. श्रीमती कांति सिंह तथा प्रबंध निदेशक श्री सुशील सिंह ने सभी विद्यार्थियों को मोबाइल के माध्यम से बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उचित मार्गदर्शन से विद्यार्थी सर्वांगीण विकास कर समाज में उच्च स्थान प्राप्त कर सकते हैं।
प्रधानाचार्य श्री विजय सचदेवा ने मेधावी विद्यार्थियों को लड्डू खिलाकर एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने उपस्थित अभिभावकों, सीनियर इंचार्ज श्री प्रदीप रस्तोगी तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें