चोरी की नकदी और सामान के साथ मिर्चिया गांव के दो शातिर गिरफ्तार, जेल भेजे गए​

चोरी की नकदी और सामान के साथ मिर्चिया गांव के दो शातिर गिरफ्तार, जेल भेजे गए

देवनन्दन श्रीवास्तव 

सम्पूर्णानगर (खीरी): थाना सम्पूर्णानगर पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई नगदी सहित अन्य घरेलू सामान बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी स्थानीय गांव के ही निवासी हैं, जिनसे पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने शनिवार को ग्राम मिर्चिया निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र जसवंत सिंह और रविन्दर सिंह उर्फ टीटू पुत्र गुरनाम सिंह को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। इन अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने मु0अ0सं0 49/2026 से संबंधित चोरी किए गए 2500 रुपये नगद, भारत कंपनी का एक गैस सिलेंडर और एक अदद स्प्रे मशीन बरामद की है।

​पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़ा गया अभियुक्त गुरप्रीत सिंह शातिर किस्म का अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी थाना सम्पूर्णानगर और जनपद पीलीभीत के थाना हजारा में मारपीट तथा अवैध शराब की तस्करी (आबकारी अधिनियम) जैसे गंभीर मामलों में चार मुकदमे दर्ज हैं। चोरी की इस ताजा घटना में भी इन दोनों की संलिप्तता के पुख्ता प्रमाण मिले थे। पुलिस द्वारा बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्यवाही पूर्ण की गई और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

टिप्पणियाँ