मैलानी पुलिस का हंटर: सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर फैलाने वाले पर दर्ज हुआ केस

मैलानी पुलिस का हंटर: सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर फैलाने वाले पर दर्ज हुआ केस

- फेसबुक पर महिला और एक युवक की मौत की झूठी पोस्ट डालना पड़ा भारी

- पुलिस की अपील: बिना पुष्टि के न फैलाएं अफवाह, होगी कठोर विधिक कार्यवाही


देवनन्दन श्रीवास्तव 

​लखीमपुर-खीरी।

सोशल मीडिया पर भ्रामक और सनसनीखेज अफवाहें फैलाकर शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ मैलानी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने एक फेसबुक यूजर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

क्या था मामला?

​बीती 14 अप्रैल को बांकेगंज में अंबेडकर जयंती के दौरान कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास में दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान हुई मारपीट में पुलिस ने तत्काल दखल देकर स्थिति को संभाला था और अब तक 33 अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है।

फेसबुक पोस्ट से फैलाई गई मौत की अफवाह

​उक्त घटना को लेकर राहुल सोनी (Rahul Soni) नामक व्यक्ति ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक भ्रामक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट में दावा किया गया कि पुलिस लाठीचार्ज में एक महिला की मौत हो गई है और विजय पाल गौतम नामक व्यक्ति की पुलिस कस्टडी में मृत्यु हुई है। पुलिस द्वारा जब इस सूचना की जांच की गई, तो यह पूरी तरह असत्य और निराधार पाई गई। पुलिस के अनुसार, संबंधित महिला पूरी तरह स्वस्थ है और किसी भी आरोपी की कस्टडी में मृत्यु नहीं हुई है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

​लोक शांति भंग करने और अफवाह फैलाने के आरोप में पुलिस ने राहुल सोनी के विरुद्ध थाना मैलानी पर मु0अ0सं0 87/2026 धारा 353(2)/196/299 बीएनएस व 67 आईटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

पुलिस की चेतावनी

​खीरी पुलिस ने आम जनमानस से अपील की है कि किसी भी सूचना को बिना उसकी सत्यता जाने प्रसारित न करें। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार की कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

टिप्पणियाँ