लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और मैजिक की आमने-सामने टक्कर, 10 लोगों की दर्दनाक मौत
देवनन्दन श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी: जनपद के ईसानगर थाना क्षेत्र में पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। ऊंचगांव बरेहटा के पास सवारियों से भरी एक टाटा मैजिक और तेज रफ्तार ट्रक के बीच आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 10 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7 बजे टाटा मैजिक वाहन लगभग 14 यात्रियों को लेकर लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था। वाहन में सवार अधिकांश लोग मजदूर थे, जो काम पूरा कर अपने घरों को लौट रहे थे। इसी दौरान बरेहटा गांव के पास बहराइच की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए हादसे की सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गाड़ी के भीतर बुरी तरह फंसे घायलों और शवों को क्रेन व कटर की मदद से बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खमरिया भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें