खीरी में अनुशासन का डंडा: एक माह से गायब 14 पुलिसकर्मी सस्पेंड, एसपी की बड़ी कार्रवाई
देवनन्दन श्रीवास्तव
खीमपुर खीरी। पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जनपद के विभिन्न थानों, यूपी 112 और पुलिस लाइन में तैनात ऐसे 14 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जो एक माह या उससे अधिक समय से बिना किसी सूचना के अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। एसपी की इस कठोर कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।
पुलिस विभाग में अनुशासन एवं कार्य के प्रति उत्तरदायित्व बनाए रखने हेतु एसएसपी द्वारा लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को एसपी ने ड्यूटी के प्रति गैर-जिम्मेदार रवैया अपनाने वाले 14 कर्मियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं। निलंबित होने वालों में मुख्य आरक्षी सुनील कुमार (उचौलिया), मनोज कुमार (नीमगांव), नरेन्द्र सिंह (ईसानगर), राकेश कुमार (पुलिस लाइन) सहित आरक्षी हरिकान्त वर्मा (पढुआ), विवेक मौर्या (पुलिस लाइन), हेमेन्द्र सिंह (हैदराबाद) और डायल 112 में तैनात कमलेश कुमार, सतीश कुमार व राजकुमार शामिल हैं। इनके अलावा महिला आरक्षी मीनाक्षी यादव (उचौलिया), रितु गुप्ता (फूलबेहड़) तथा पुलिस लाइन के स्वीपर मिलन कुमार व फालवर पंकज चौधरी पर भी निलंबन की गाज गिरी है। एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने स्पष्ट किया है कि विभागीय अनुशासन और जवाबदेही से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें