पुलिस मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय शातिर चोर गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, एक बदमाश घायल
भारी मात्रा में अवैध असलहा व चोरी का माल बरामद
देवनन्दन श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी। जनपद की थाना मितौली पुलिस को शनिवार सुबह एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां पुलिस टीम ने विभिन्न लूट व चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक अंतर-जनपदीय शातिर चोर गिरोह के वांछित अभियुक्त को उसके दो अन्य साथियों के साथ एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी, डॉ. ख्याति गर्ग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई शनिवार तड़के मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर की गई। मितौली पुलिस टीम जब दतेली-अबगांवा के बीच नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी वहां से गुजर रही एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। इस पर कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसकी पहचान सूरज पुत्र छोटेलाल (उम्र 28 वर्ष, निवासी कोतवाली नगर, सीतापुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने घेराबंदी करके घायल सूरज के साथ-साथ कार में सवार उसके दो अन्य साथियों, अबरार पुत्र इकबाल (निवासी ग्राम सिसौआ, थाना रोजा, शाहजहांपुर) और अशोक कुमार उर्फ अशोक यादव पुत्र राजाराम (निवासी ग्राम कमईपुर, थाना हरगांव, सीतापुर) को मौके से दबोच लिया। घायल अभियुक्त सूरज को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने एक अदद अवैध 12 बोर की बंदूक, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही कार (UP32DB0084) बरामद की है। इसके अलावा, अभियुक्तों के पास से मितौली थाने में दर्ज पूर्व के दो मुकदमों (मु0अ0सं0 200/2026 व 205/2026 बीएनएस) से संबंधित चोरी के 18,000 रुपये नकद, पीली धातु के दो बटुए, एक कटोरा तथा एक बड़े गट्ठर में बंधी 24 साड़ियां, दो ब्लाउज, दो शर्ट, एक दुपट्टा और नायलॉन की रस्सी बरामद हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि इस गिरोह ने खीरी, सीतापुर और शाहजहांपुर सहित कई अन्य जनपदों में चोरी, नकबजनी और भैंस चोरी जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में अशोक यादव एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न जिलों में गैंगस्टर एक्ट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित करीब 15 गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि अबरार पर 5 और सूरज पर 4 आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। इस दुस्साहसिक मुठभेड़ के संबंध में थाना मितौली पर इन बदमाशों के खिलाफ मु0अ0सं0 207/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट का नया मामला पंजीकृत कर पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें