फिट इंडिया मूवमेंट' के तहत आयोजित किया 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम
SSB 70वीं वाहिनी ने कमांडेंट ने दिया फिटनेस का मंत्र
देवनन्दन श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल की 70वीं बटालियन द्वारा रविवार को 'फिट इंडिया मूवमेंट' के अंतर्गत वाहिनी मुख्यालय सहित सभी सीमा चौकियों पर "संडे ऑन साइकिल" और 'फिट इंडिया रन' का भव्य आयोजन किया गया। यह विशेष अभियान बटालियन के कमांडेंट राजन कुमार श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें बल के अधिकारियों और जवानों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत तड़के कमांडेंट के नेतृत्व में साइकिल रैली और दौड़ के साथ हुई। इस अवसर पर जवानों व स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कमांडेंट राजन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि एक सशक्त और अनुशासित बल की रीढ़ उसकी शारीरिक और मानसिक दृढ़ता होती है। उन्होंने जोर दिया कि 'फिट इंडिया' केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। सीमा पर तैनात जवान पूरी तरह फिट और तनावमुक्त रहकर ही देश की सुरक्षा मुस्तैदी से कर सकता है।
इस अभियान के माध्यम से एसएसबी के जवानों ने सीमावर्ती क्षेत्र के स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया तथा उन्हें दैनिक जीवन में आधा घंटा व्यायाम करने की शपथ दिलाई।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें