60 लाख की अफीम के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार, स्विफ्ट कार से कर रहे थे सप्लाई
देवनन्दन श्रीवास्तव
लखीमपुर खीरी। जनपद की थाना कोतवाली निघासन पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने स्विफ्ट कार से अफीम की तस्करी कर रहे 6 शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इनके पास से 3 किलोग्राम से अधिक अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध व्यापार एवं माफिया तंत्र पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में निघासन पुलिस टीम ने सफलतापूर्वक छापेमारी करते हुए इन तस्करों को दबोचा। पकड़े गए सभी अभियुक्तों को बरामद अफीम और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार (नम्बर UP-31 CU-1123) के साथ हिरासत में लेकर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया है।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान सुबेग सिंह उर्फ काला उम्र 31 वर्ष, सारज सिंह उम्र 23 वर्ष, पारस सिंह उम्र 25 वर्ष, गुरनैब सिंह उम्र 25 वर्ष, देवेन्दर सिंह उम्र 26 वर्ष और अगरेज सिंह उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई है। ये सभी अभियुक्त मुख्य रूप से थाना तिकुनिया क्षेत्र के ग्राम दाराबोझी और सुथना बरसोला के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से दो पैकेटों में कुल 3.024 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसमें पहले पैकेट का वजन 1.986 किलोग्राम और दूसरे पैकेट का वजन 1.038 किलोग्राम है। इस बरामद अफीम की कीमत भारतीय बाजार में लगभग 15 लाख रुपये और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 60 लाख रुपये है।
पूछताछ और छानबीन में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए तस्करों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य अभियुक्त सुबेग सिंह उर्फ काला और गुरनैब सिंह के खिलाफ पूर्व में भी बीएनएस और एमवी एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं अभियुक्त अंगरेज सिंह के खिलाफ इससे पहले जिला शामली में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ थाना निघासन में मामला पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें