वृद्धाश्रम, मूक-बधिर विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय में केक काटकर बांटी खुशियां
देवनन्दन श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी, 06 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी के निर्वतमान प्रदेश महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता का जन्मदिन गुरुवार को जिले में सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर वृद्धजनों, दिव्यांग बच्चों और स्कूली विद्यार्थियों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस दौरान केक काटा गया, उपहार वितरित किए गए और सभी ने अनूप गुप्ता के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत वृद्धाश्रम से हुई, जहां भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वृद्धजनों के बीच पांच किलोग्राम का केक काटकर जन्मदिन मनाया। सभी बुजुर्गों का सम्मान किया गया और उनके साथ आत्मीयता से समय बिताते हुए उन्हें मिठाई वितरित की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं का कारवां कारवां मूक-बधिर विद्यालय पहुंचा, जहां विशेष बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं। बच्चों को उपहार भेंट किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इसके उपरांत मिदनियाँ गढ़ी उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में भी अनूप गुप्ता का जन्मदिन बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ केक काटा गया तथा उन्हें उपहार वितरित किए गए। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनुश्री जायसवाल, प्रधान प्रतिनिधि मनोज जायसवाल, बूथ अध्यक्ष आदित्य बारी, रामकिशन श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य अनिल प्रताप सिंह, समस्त अध्यापकगण तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अनूप गुप्ता के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ जुड़कर खुशियां बांटना प्रेरणादायी कार्य है। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, आत्मीयता और सेवा भावना से ओत-प्रोत रहा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें