एमएलसी चुनाव के हंगामे में घिरे पूर्व विधायक: सुनील भार्गव समेत नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज
मितौली ब्लॉक के सामने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
लखीमपुर खीरी। जिले के मितौली ब्लॉक के सामने विधान परिषद स्नातक निर्वाचन के दौरान हुए विवाद और हंगामे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मितौली कोतवली पुलिस ने स्थानीय निवासी की तहरीर पर पूर्व सपा विधायक सुनील भार्गव उर्फ लाला समेत नौ लोगों के खिलाफ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चुरईपुरवा निवासी अमर अली पुत्र शमशाद अली द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, यह घटना 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे की है। आरोप है कि मितौली ब्लॉक के सामने सड़क पर पूर्व विधायक सुनील भार्गव उर्फ लाला अपने साथियों के साथ पहुंचे और वहां विवाद की स्थिति पैदा की। इस दौरान जब विरोध किया गया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से चले गए।
इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पूर्व विधायक सुनील भार्गव उर्फ लाला के साथ-साथ राम खेलवन उर्फ छोटे, विभु बाजपेई, रजनीश श्रीवास्तव, धर्मपाल राज, सोनू, शैलेश, मुदीत और सलाहपुर के प्रधान रमेश कुमार को नामजद किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और इसकी विवेचना से संबंधित विवरण सीसीटीएनएस पर भी दर्ज कर दिया गया है। गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को जिले में विधान परिषद स्नातक निर्वाचन को लेकर विभिन्न मतदान केंद्रों पर राजनीतिक दलों के समर्थकों की सक्रियता के बीच मितौली क्षेत्र में गहमागहमी और विवाद की स्थिति सामने आई थी। सीओ मितौली यादवेन्द्र ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें